डीयू के प्रो. श्री प्रकाश सिंह बने गढ़वाल यूनिवर्सिटी के कुलपति
नई दिल्ली, 18 जून।
दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. श्री प्रकाश सिंह को भारत की माननीय राष्ट्रपति द्वारा हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय गढ़वाल (उत्तराखंड) का कुलपति नियुक्त किया गया है। प्रो. श्री प्रकाश सिंह वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर के निदेशक का पदभार संभाल रहे हैं। उनकी नियुक्ति पर डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह, डीन ऑफ कॉलेजेज़ प्रो. बलराम पाणी, रजिस्ट्रार डॉ विकास गुप्ता और कल्चर काउंसिल के चेयरपर्सन अनूप लाठर सहित सभी ने खुशी व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का आभार व्यक्त किया।
प्रो. श्री प्रकाश सिंह ने एमए, एमफिल और पीएचडी की शिक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय से ही प्राप्त की है। 17 दिसंबर 2021 से वह दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर के निदेशक पद पर कार्य कर रहे हैं। वह डीयू के राजनीति विज्ञान विभाग में प्रोफेसर हैं। इससे पूर्व वह डॉ. अंबेडकर चेयर इन सोशल जस्टिस, भारतीय लोक प्रशासन संस्थान, नई दिल्ली के चेयर प्रोफेसर, (29 मई 2014 -23 जुलाई 2015) तक रहे। वह दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री अरबिंदो कॉलेज में 15 दिसंबर 1995- 28 मई 2014 तक राजनीति विज्ञान विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर रहे हैं। वर्तमान में प्रो. सिंह डीयू के हिंदू अध्ययन केंद्र और जनजातीय अध्ययन केन्द्रों के गवर्निंग बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं। इसके अतिरिक्त उन्हें समय समय पर विभिन्न कमेटियों की अध्यक्षता की जिम्मेदारी भी सौंपी जाती रही है। उनकी कुलपति के रूप में नियुक्ति से दिल्ली विश्वविद्यालय में खुशी की लहर है।