भारत का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस वीरगंज में धूमधाम से मनाया गया-
दीपेन्द्र प्रजापति / नेपाल ।
वीरगंज, 15 अगस्त। वीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा भारत का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस विभिन्न कार्यक्रमों के साथ भव्य रूप से मनाया गया।
शनिवार को आयोजित विशेष समारोह में भारत के महावाणिज्यदूत देवी सहाय मीणा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्र के नाम जारी संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक मित्रता, सांस्कृतिक संबंधों तथा आपसी सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
समारोह में वीरगंज तथा आसपास के क्षेत्रों के राजनीतिक व्यक्तित्व, उद्योगपति, व्यवसायी, शिक्षाविद, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, भारतीय समुदाय के प्रतिनिधि तथा विभिन्न संघ-संस्थाओं के पदाधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं कलाकारों ने देशभक्ति गीत, नृत्य तथा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। महावाणिज्य दूतावास परिसर को भारतीय तिरंगे के रंगों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
महावाणिज्य दूतावास ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने की आवश्यकता पर बल दिया।पूरा कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
