दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज महाविद्यालय में 'हरित परिसर, स्वच्छ परिसर' पहल की शुरुआत
नई दिल्ली, 26 अगस्त
दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह जी के संरक्षण में हंसराज महाविद्यालय में दिल्ली विश्वविद्यालय ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘हरित परिसर, स्वच्छ परिसर’ पहल की शुरुआत की। इस पहल का उद्घाटन कॉलेज प्राचार्य प्रो. रमा, विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रो. मनोज कुमार सिंह, विश्वविद्यालय के एन.सी.सी. संयोजक मेजर (प्रो.) संजय कुमार एवं विश्वविद्यालय के एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी नरेन्द्र कुमार बिश्नोई द्वारा हुआ। इस अवसर पर हंसराज महाविद्यालय के एन.सी.सी. संयोजक प्रो. अरविन्द यादव एवं डॉ. ज्योति सिंह तथा एन.एस.एस. संयोजक डॉ. अपूर्वा गुप्ता की विशेष उपस्थिति रही। इस कार्यक्रम में शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही।
'हरित परिसर, स्वच्छ परिसर' पहल का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय परिसर को स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषण-मुक्त बनाना है। इसके अंतर्गत वृक्षारोपण, कचरा प्रबंधन, ऊर्जा संरक्षण और जल-संरक्षण जैसे कई आयामों पर कार्य किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि यह पहल केवल एक कार्यक्रम न होकर एक निरंतर आंदोलन है, जो आने वाले वर्षों में दिल्ली विश्वविद्यालय के सबसे हरित और स्वच्छ परिसरों में स्थापित करेगा।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य प्रो. रमा ने कहा कि “शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्राप्ति नहीं, बल्कि पर्यावरण और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाना भी है। ‘हरित परिसर, स्वच्छ परिसर’ इसी दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल है।" कार्यक्रम के अंत में एन.सी.सी. एवं एन.एस.एस. के बच्चों द्वारा संयुक्त रूप से स्वच्छता को बढ़ावा देने हेतु महाविद्यालय परिसर में रैली निकाली गई।