श्यामलाल कॉलेज (सांध्य) ने गांधी को किया याद
श्यामलाल महाविद्यालय (सांध्य), दिल्ली विश्वविद्यालय के गांधी अध्ययन केंद्र द्वारा गांधी की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित किया गया
कॉलेज के प्राचार्य प्रो.नचिकेता सिंह ने गांधी को याद करते हुए सभी को गांधी के विचारों को आत्मसात करने का संदेश दिया। इतिहास विभाग के प्रो.प्रमोद कुमार ने गांधी के ऐतिहासिक पहलुओं को रखते हुए उनके विचारों को अपने - अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए सबको प्रेरित किया। हिंदी विभाग के प्रो.अनिल राय ने गांधी की पुस्तक 'हिन्द स्वराज' के महत्त्व को रेखांकित करते हुए ,उनके साहित्यिक और सामाजिक प्रभाव को तुलसी से जोड़कर देखा।
राजनीति विज्ञान के प्रो.कुमार प्रशांत ने गांधी के राजनैतिक पक्षों को बताते हुए,उनके आंदोलनों के सामाजिक और राजनैतिक प्रभावों को रेखांकित किया।
गांधी अध्ययन केंद्र के प्रभारी डॉ अमित सिंह ने 'सत्य के प्रयोग' पुस्तक पर केंद्रित गांधी के यात्रा - संस्मरण के माध्यम से गांधी के शिक्षा मॉडल को बताते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति में मातृ भाषाओं के प्रावधान पर अपने विचार रखने के साथ धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भाषण,गीत- गायन,कविता पाठ के माध्यम से समारोह को जीवंत कर दिया। इसमें गांधी अध्ययन केंद्र समिति के सदस्य एवं अन्य शिक्षक, छात्र आदि बड़ी संख्या में शामिल रहे।
