एलजी ने दी एयूडी कुलपति को पुन: नियुक्ति

 एलजी ने दी एयूडी कुलपति को पुन: नियुक्ति 

2019 से अंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति हैं प्रो. अनु सिंह लाठर 


 

दिल्ली के उपराज्यपाल एवं डॉ. बी.आर. अम्बेडकर विश्वविद्यालय, दिल्ली (एयूडी) के कुलाधिपति विनय कुमार सक्सेना ने एयूडी कुलपति प्रो. अनु सिंह लाठर को आगामी कार्यकाल के लिए पुन: नियुक्त कर दिया है। प्रो. अनु सिंह लाठर 2019 से एयूडी के कुलपति पद पर कार्यरत हैं। इससे पूर्व वह दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की प्रो वाइस चांसलर थी। 22 फरवरी, 2019 को उन्होंने एयूडी के दूसरे कुलपति के रूप में पदभार ग्रहण किया था। प्रो. लाठर यूजीसी, एआईसीटीई, डीईसी, राष्ट्रीय मूल्यांकन और मान्यता परिषद (एनएएसी), राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनबीए), सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एमएचआरडी) के साथ भी विभिन्न पदों पर जुड़ी हैं। वह ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका संवर्धन सोसायटी (एनआरएलपीएस) के शासी निकाय की सदस्य भी हैं। 

प्रो. लाठर ने मनोविज्ञान में स्नातकोत्तर और मानव संसाधन प्रबंधन में एमबीए किया हैं। उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ से मानव संसाधन प्रबंधन और मनोविज्ञान में पीएचडी प्राप्त की। उनकी विशेषज्ञता का क्षेत्र रणनीतिक मानव संसाधन प्रबंधन, संगठनात्मक व्यवहार और संगठनात्मक विकास और परिवर्तन प्रबंधन, व्यवसाय संचार और प्रौद्योगिकी और नवाचार प्रबंधन है। प्रो. अनु सिंह लाठर ने अपने शैक्षणिक करियर की शुरुआत गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय, हिसार (हरियाणा) से की थी। उन्होंने गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में एप्लाइड साइकोलॉजी विभाग की स्थापना की। प्रो. अनु सिंह लाठर गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, दिल्ली की प्रोफेसर हैं जहां उन्होंने डीन, यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (2008-2014) और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के निदेशक (2009-2017) जैसी कई प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने जीजीएस इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय और दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पूर्वी दिल्ली परिसर में पहला संगठनात्मक विकास और परिवर्तन प्रबंधन (ओडी और सीएम) सेल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (जीजीएसआईपी) में 2008-2014 तक विश्वविद्यालय शिकायत समिति की अध्यक्ष रही। वहीं पर 2006-2011 तक प्रो. लाठर के पास कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम और इंद्रप्रस्थ कोलआक्वियम के निदेशक की जिम्मेदारी भी रही। 

उनके मूल्यवान और योग्य शोध योगदान के लिए उन्हें गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, दिल्ली द्वारा लगातार 3 वर्षों यानी 2010, 2011 और 2012 तक सर्वश्रेष्ठ शोधकर्ता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। अर्थशास्त्र और प्रबंधन संकाय, स्लोवाक कृषि विश्वविद्यालय, स्लोवाक गणराज्य ने शैक्षणिक और अनुसंधान गतिविधियों में उत्कृष्टता के लिए उन्हें स्वर्ण पदक से सम्मानित किया था। सिंगापुर चैंबर्स ऑफ कॉमर्स और थाई चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के सहयोग से 2011 में सिंगापुर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन में उन्हें इंडियन अचीवर्स फोरम द्वारा शिक्षा उत्कृष्टता के लिए अंतर्राष्ट्रीय अचीवर्स अवार्ड मिला। न्यूयॉर्क, यूएसए में 2016 में आयोजित 8वीं अंतर्राष्ट्रीय वार्षिक अमेरिकन बिजनेस रिसर्च कॉन्फ्रेंस में सर्वश्रेष्ठ पेपर का पुरस्कार प्राप्त हुआ। 

2017-2019 तक दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की प्रो-वाइस चांसलर रहते हुए उन्होंने डीटीयू के पूर्वी दिल्ली परिसर की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड एंटरप्रेन्योरशिप नाम से एक अद्वितीय बिजनेस स्कूल की स्थापना की थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post